हनुमानगढ़ जिले में गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है और मौसम विभाग ने आगामी दिनों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। मंगलवार तक चली हवाओं से मिली हल्की राहत अब समाप्त हो गई है और मौसम साफ होने के साथ ही गर्मी का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। 23 और 24 अप्रैल को तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जिले में 23 से 25 अप्रैल तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके कारण दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलेंगी और लू का प्रभाव बढ़ेगा। 26 को मिलेगी मामूली राहत 26 और 27 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। हालांकि, इससे गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और अगले कुछ दिन अत्यधिक गर्म रहने की संभावना है। कलेक्ट्रेट में पक्षियों के बांधे परिंडे भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को जिला कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे बांधकर आमजन को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गर्मी के मौसम में अपने घरों और आसपास पक्षियों के लिए पानी और दाना रखें। कलेक्टर ने इसे एक सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस मुहिम में शामिल होने का आग्रह किया। दोपहर में बाहर नहीं निकलने की सलाह स्वास्थ्य विभाग ने भी एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है। आगामी दिनों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं।