हनुमानगढ़ नगर निकाय आम चुनाव-2026 में हनुमानगढ़ जिले के आठों नगर निकायों में दो चरणों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। दोनों चरणों में 3,23,427 पंजीकृत मतदाताओं में से 2,68,347 ने मतदान किया, जिससे जिले में 82.97 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। दूसरे चरण में शुक्रवार को हनुमानगढ़, पीलीबंगा और गोलूवाला में कुल 81.48 प्रतिशत मतदान हुआ। अब 14 सितंबर को आठों नगर निकायों के 290 वार्डों के लिए मतगणना होगी। दूसरे चरण में 1.45 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने डाला वोट दूसरे चरण में 1,78,275 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,45,265 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चला। निर्धारित समय तक मतदान केंद्रों पर कतार में लगे मतदाताओं को इसके बाद भी वोट डालने का अवसर दिया गया। इस चरण में गोलूवाला में सबसे अधिक 90.03 प्रतिशत, जबकि हनुमानगढ़ में 80.08 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। गोलूवाला में 90.03%, पीलीबंगा में 83.93% मतदान नगरपालिका गोलूवाला में 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केंद्र बनाए गए थे। यहां 13,200 पंजीकृत मतदाताओं में से 11,884 ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 90.03 प्रतिशत रहा। पीलीबंगा में 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हुई। यहां 30,811 मतदाताओं में से 25,861 ने मतदान किया, जिससे 83.93 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। नगर परिषद हनुमानगढ़ के 60 वार्डों के लिए 133 मतदान केंद्र बनाए गए थे। यहां 1,34,264 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,07,520 ने वोट डाला। हनुमानगढ़ में 80.08 प्रतिशत मतदान रहा। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा मतदान शुरू होने के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव और पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने हनुमानगढ़ टाउन और हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड 4, 5, 6, 7, 33, 42, 55, 58 और 59 के मतदान केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई। प्रशासन और पुलिस की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की गई। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के साथ महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं में भी मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। पहले चरण में 84.80 प्रतिशत मतदान इससे पहले 9 सितंबर को जिले की पांच नगरपालिकाओं—नोहर, भादरा, संगरिया, रावतसर और टिब्बी—में पहले चरण का मतदान हुआ था। इन पांच निकायों में 1,45,152 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,23,082 ने वोट डाला। पहले चरण में 84.80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नगर निकायवार मतदान इस प्रकार रहा— संगरिया: 27,575 में से 24,005 — 87.05% टिब्बी: 10,357 में से 9,005 — 86.95% भादरा: 33,940 में से 29,149 — 85.88% रावतसर: 31,676 में से 27,083 — 85.50% नोहर: 41,604 में से 33,840 — 81.34% 14 सितंबर को 57 टेबल पर होगी मतगणना अब सभी की नजरें 14 सितंबर पर हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार जिले के आठों नगर निकायों में वार्ड सदस्य पदों के लिए मतगणना होगी। इसके लिए संबंधित ईवीएम स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं। संगरिया की मतगणना किसान शहीद स्मारक खालसा उच्च माध्यमिक विद्यालय, टिब्बी की राजकीय महाविद्यालय टिब्बी, हनुमानगढ़ की राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा की राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोलूवाला की पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोलूवाला सिहागान, रावतसर की पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रावतसर, नोहर की गौरीशंकर बिहाणी राजकीय कन्या महाविद्यालय और भादरा की पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतगणना होगी। आठों नगर निकायों के 290 वार्डों और 369 मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए कुल 57 टेबल निर्धारित की गई हैं। निकायवार टेबल की व्यवस्था इस प्रकार है—संगरिया 7, टिब्बी 5, हनुमानगढ़ 10, पीलीबंगा 7, गोलूवाला 5, रावतसर 7, नोहर 8 और भादरा 8 टेबल। 21 सितंबर को अध्यक्ष, 22 को उपाध्यक्ष का चुनाव नगर निकाय चुनाव का अगला चरण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन का होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 सितंबर 2026 को अध्यक्ष तथा 22 सितंबर 2026 को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन होगा। इसके साथ ही नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी होगी।