हनुमानगढ़ में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। जिले की आठों नगरीय निकायों में यह सूची प्रकाशित हुई है। इन आठों नगरीय निकायों के 290 वार्डों में सदस्य पद के लिए कुल 1086 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि जिले के 290 वार्डों के लिए कुल 369 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 3,23,427 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,66,771 पुरुष, 1,56,631 महिला और 25 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। दो चरणों में होगा मतदान निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी एवं रावतसर में 9 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। नगर परिषद हनुमानगढ़ और नगर पालिका गोलूवाला व पीलीबंगा में 11 सितंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी।