हनुमानगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत 3 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 191 ग्राम हेरोइन और एक महिंद्रा XUV 500 कार जब्त की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गोलूवाला थाना पुलिस ने गश्त के समय गुरविंदर सिंह (26), राजाराम (25) और गुरपिंदर सिंह (27) को पकड़ा। तीनों आरोपी पंजाब के तरनतारन और फिरोजपुर जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच हनुमानगढ़ टाउन थानाधिकारी लखवीर सिंह को सौंपी गई है। एसआई गुरदेव सिंह और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। इसमें एजीटीएफ और डीएसटी टीम का भी सहयोग रहा।