हनुमानगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत दो महिलाओं को 51.37 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में डीएसटी टीम की सूचना पर की गई। पुलिस अधीक्षक आदित्य ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान फिरोजपुर निवासी रीना रानी (26) और मुक्तसर निवासी सिमरजीत कौर (32) के तौर पर हुई है। दोनों पंजाब की रहने वाली हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/21 के तहत केस दर्ज किया है। महिला पुलिस थाना हनुमानगढ़ की चंद्रकला मामले की जांच कर रही हैं। जंक्शन सिटी थाना प्रभारी परमेश्वर सुथार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम में उपनिरीक्षक साहबराम, हेड कॉन्स्टेबल मेजर सिंह, महिला कॉन्स्टेबल दर्शना, कॉन्स्टेबल संदीप कुमार और सुभाषचंद्र शामिल थे।