हनुमानगढ़ में रविवार को रबी सीजन के लिए खाद आपूर्ति की समीक्षा बैठक हुई। इसमें किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला प्रभारी टी.सी. गुप्ता ने कहा कि जरूरत के हिसाब से खाद की सप्लाई हो। खाद के दूसरे जगह जाने की आशंका वाले इलाकों में चेक पोस्ट लगाकर निगरानी की जाए, ताकि बुवाई के समय खाद मिले। अतिरिक्त निदेशक हरबंस सिंह ने ज्यादा खाद खरीदने वाले किसानों की जांच के आदेश दिए। अनियमितता मिलने पर कानूनी कार्रवाई होगी। खाद वितरण पर लगातार नजर रखने को भी कहा गया। बैठक में खाद की तय दरों पर बिक्री, क्वालिटी और पारदर्शिता के लिए नियमित जांच के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मंडी में खाद विक्रेताओं और गोदामों का निरीक्षण किया, जहां स्टॉक सही पाया गया। कृषि विभाग का लक्ष्य है कि रबी सीजन में किसानों को अच्छी क्वालिटी का खाद समय पर मिले, जिससे बुवाई पर असर न पड़े।