हनुमानगढ़ के रोड़ावाली रोड पर स्लीपर बस और पिकअप की टक्कर में पिकअप ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि ड्राइवर का शव गाड़ी के केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से शव को बाहर निकाला और जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के पास से एक टूटा मोबाइल मिला है, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिलने के कारण पुलिस उसकी शिनाख्त करने में जुटी है। सादुलशहर से आ रही बस की पिकअप से टक्कर जानकारी के अनुसार, हादसा सादुलशहर से हनुमानगढ़ आ रही स्लीपर बस (UK 07 PA 6796) और पिकअप गाड़ी (RJ 10 GB 9952) के बीच हुआ। टक्कर में पिकअप ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर का शव केबिन में इस कदर फंस गया था कि उसे निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रैक्टर की मदद से निकाला शव हादसे की सूचना मिलने पर सिटी थाना से एसआई गजेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। काफी कोशिशों के बाद ट्रैक्टर की मदद से शव को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। वाहन नंबर के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस पुलिस को मृतक ड्राइवर के पास से एक टूटा हुआ मोबाइल मिला है। हालांकि, उसके पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस अब पिकअप के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। साथ ही बस और पिकअप की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।