हनुमानगढ़ के टिब्बी कस्बे के वार्ड नंबर 2 में अलसुबह एक घर में चोरी हुई। चोर अलमारी का लॉकर तोड़कर चांदी के आभूषण और करीब 33 हजार रुपए की नकदी चुरा ले गए। घटना के दौरान घर के मालिक की आंख खुल गई। उन्होंने चोरों का पीछा भी किया, लेकिन वे बाइक पर फरार हो गए। टिब्बी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मुकेश (30) पुत्र हंसराज मेघवाल ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया- 11 सितंबर की अलसुबह करीब 3 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति चोरी के इरादे से उनके घर में घुसे। इनमें से दो चोर बाहर खड़े रहे, जबकि एक चोर घर के अंदर चला गया। घर के सभी सदस्य सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोर ने अलमारी का लॉकर तोड़ दिया। चोर ने लॉकर में रखी तीन जोड़ी चांदी की पायजेब, एक जोड़ी बिछिया, दो जोड़ी चांदी के कड़े और करीब 33 हजार रुपए की नकदी चुरा ली। चोर के घर से बाहर निकलते समय गेट की आवाज सुनकर मुकेश की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाते हुए चोर का पीछा किया। इसी बीच परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए, लेकिन बाहर पहले से बाइक लेकर खड़े दो नकाबपोश साथियों ने चोर को बैठाया और तीनों फरार हो गए। इसके बाद घर की लाइट जलाकर देखा गया। अलमारी का ताला टूटा मिला। उसमें रखे गहने और नकदी गायब थी। घर में कपड़े और अन्य सामान भी बिखरा हुआ था। पुलिस ने मुकेश की रिपोर्ट पर तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।