हनुमानगढ़ में वाहनों के लिए वीआईपी नंबरों की नई सीरीज शुरू की गई है। जिला परिवहन कार्यालय ने चौपहिया वाहनों के लिए चतुर्थ अग्रिम सीरीज CH और UE लागू की है। इससे वाहन मालिकों को अब अपनी पसंद का नंबर चुनने का अवसर मिलेगा। जिला परिवहन अधिकारी नरेश पूनिया ने बताया कि 5 सीट तक की क्षमता वाले चौपहिया वाहनों के लिए CH सीरीज और 5 से अधिक सीट क्षमता वाले वाहनों के लिए UE सीरीज शुरू की गई है। दोनों सीरीज में 0001 से लेकर 9999 तक के नंबर उपलब्ध रहेंगे। पूनिया ने जानकारी दी कि निर्धारित शुल्क जमा कर पसंद का नंबर लिया जा सकता है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू होगी। आवेदकों को परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मनपसंद नंबर के लिए आवेदन करना होगा। पूनिया के अनुसार, परिवहन विभाग ने इस प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सरल बनाने पर जोर दिया है। पहले जहां पसंदीदा नंबर लेने में सीमित विकल्प और जटिल प्रक्रिया होती थी, वहीं अब ऑनलाइन प्रणाली के जरिए यह प्रक्रिया आसान हो गई है। इससे लोगों को बिना किसी परेशानी के घर बैठे आवेदन करने की सुविधा मिलेगी।