हनुमानगढ़ में जलदाय विभाग के एक कर्मचारी ने बकाया राजस्व वसूली के दौरान अभद्र व्यवहार और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के पंप चालक चंद्र सिंह ने जंक्शन पुलिस थाने में शिकायत दी है। चंद्र सिंह ने बताया कि 22 अक्टूबर को सुबह करीब 11:50 बजे वह अश्वनी गर्ग उर्फ आशु पुत्र ओमप्रकाश गर्ग के यहां बकाया राशि वसूलने गए थे। उपभोक्ता के दो खाता नंबरों (27767 और 27573) पर विभाग के करीब 13 हजार रुपए बकाया हैं। चंद्र सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने बकाया राशि जमा करने को कहा, तो अश्वनी गर्ग उर्फ आशु ने गाली-गलौज की और उन्हें अपमानित किया। इस वजह से वह अपना सरकारी काम पूरा नहीं कर पाए। शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो सकती है। उन्होंने पुलिस से जांच कर उस व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।