हनुमानगढ़ में गुरुवार को महिला पुलिसकर्मियों ने करवा चौथ का व्रत रखते हुए ड्यूटी की। ड्यूटी पूरी करने के बाद उन्होंने कथा सुनी और पूजा-अर्चना की। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कॉन्स्टेबलों ने सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिना कुछ खाए ड्यूटी की। इसके बाद दोपहर 2 बजे करवा चौथ की कथा सुनी। एएसपी राज कंवर के निर्देश पर महिला पुलिसकर्मियों को दोपहर 2 बजे से हाफ सीएल दी गई, ताकि वे ड्यूटी के बाद पर्व की परंपराएं निभा सकें। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट में तैनात कॉन्स्टेबल माया ने कहा कि महिलाएं बेटी, बहन, बहू और मां होने के साथ अपनी अलग पहचान भी रखती हैं। परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मसम्मान का भी ध्यान रखना चाहिए। माया ने कहा कि महिला स्वस्थ रहेगी, तभी परिवार की बेहतर देखभाल कर सकेगी। करवा चौथ पर पति की लंबी आयु की कामना आस्था का विषय है, लेकिन महिलाओं को अपने जीवन में सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली की कामना भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चंद्रमा के दर्शन के समय पति की लंबी आयु के साथ पूरे परिवार के अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें, लेकिन खुद को नजरअंदाज न करें। करवा चौथ पर जहां महिलाएं घरों में पूजा की तैयारियों और पारिवारिक परंपराओं में व्यस्त थीं, वहीं महिला पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी की जिम्मेदारी निभाई। व्रत के बाद उन्होंने कथा सुनकर पर्व की परंपरा पूरी की।