हनुमानगढ़ के कमाना फाटक के पास पशुओं के लिए हरा चारा लेने गए एक युवक पर घात लगाकर बैठे लोगों ने लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर युवक को हमलावरों से बचाया। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित के पिता की रिपोर्ट पर तीन नामजद आरोपियों और 3-4 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुबह चारा लेने गया था युवक पुलिस के अनुसार 52 वर्षीय नाजम अली पुत्र अमदा खान, निवासी 17 एसटीजी, वार्ड नंबर 2, डबली बास चुगता, कमाना ने रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि 10 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे उनका बेटा मंजूर खान पशुओं के लिए हरा चारा लेने कमाना फाटक के पास गया था। घात लगाकर हमला करने का आरोप रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि वहां पहले से अफसर खान पुत्र आमद खान निवासी कमाना, कालू खान पुत्र शाहबदीन निवासी आसरा और आसे खान पुत्र हसन खान निवासी उदयपुर सहित 3-4 अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने आपस में मिलकर मंजूर खान पर हमला कर दिया। सिर पर रॉड से वार, लाठियों से भी पीटा शिकायत के मुताबिक, अफसर खान, कालू खान और आसे खान ने लोहे की रॉड से मंजूर खान के सिर पर हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठियों से उसके हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए। मारपीट के दौरान मंजूर खान के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे हमलावरों से बचाया। सिर के पीछे गहरी चोट, अस्पताल में कराया इलाज हमले में मंजूर खान के सिर के पिछले ऊपरी हिस्से में गहरी चोट आई। इसके अलावा घुटनों, पीठ और बाएं हाथ पर भी चोटें लगीं। आसपास के लोगों ने उसे हनुमानगढ़ टाउन स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया। जाते समय जान से मारने की धमकी का आरोप रिपोर्ट के अनुसार, आसपास के लोगों के पहुंचने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोप है कि जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी सदर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक रमेशचंद्र को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।