पाली के जोधपुर रोड कृषि मंडी में किसानों की फसल तुलाई में देरी और ज्यादा वसूली का मामला सामने आया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित अपनी टीम के साथ मंडी पहुंचे, जहां किसानों ने बताया कि करीब 300 ट्रेक्टर पिछले पांच दिनों से खड़े हैं। तुलाई के लिए केवल चार काटे हैं और तय राशि से अधिक वसूली की जा रही है। इस पर उन्होंने जिला कलेक्टर और मंडी अधिकारियों से बात कर समाधान और जल्द तुलाई की मांग की। पांच दिन से खड़े ट्रेक्टर, तुलाई में देरी किसानों ने बताया कि मंडी में करीब 300 ट्रेक्टर पिछले पांच दिनों से खड़े हैं, लेकिन फसल की तुलाई समय पर नहीं हो रही है। इससे किसानों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चार काटों पर तुलाई, ज्यादा वसूली का आरोप मंडी में तुलाई के लिए केवल चार काटे उपलब्ध हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रत्येक कटे पर 15 रुपए की जगह 18 रुपए वसूले जा रहे हैं। छीजत भी तय से ज्यादा वसूली जा रही किसानों के अनुसार माल की छीजत 600 ग्राम तय है, लेकिन 800 से 900 ग्राम तक वसूली की जा रही है। इसके अलावा प्रत्येक किसान से माल तुलाई के नाम पर 500 रुपए भी लिए जा रहे हैं। जिला कलेक्टर से समाधान की मांग जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बात की और जिला कलेक्टर व कृषि मंडी अधिकारी से स्थाई समाधान करवाने तथा किसानों की फसल की जल्द तुलाई कराने की मांग की। कई पदाधिकारी रहे मौजूद इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सदस्य महावीरसिंह सुकरलाई, पंचायतराज विभाग कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदनसिंह जागरवाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य जोगाराम सोलंकी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश सांखला, जीवराज बोराणा, जिला महासचिव आमीन अली रंगरेज, अनिलसिंह राजपुरोहित सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।