श्रीगंगानगर| रामलीला सेवा समिति की ओर से रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी प्रथम के प्लेटिनम पार्क में चल रही हाईटेक रामलीला के सातवें दिन सीता हरण और हनुमान के लंका प्रवेश के प्रसंग मंचित हुए। शुरुआत रावण और बूढ़ा मारीच के संवाद से हुई। मारीच ने रावण को समझाया लेकिन वह नहीं माना। रावण के कहने पर मारीच ने स्वर्ण मृग का रूप धारण किया। इसके बाद रावण साधु के वेश में आया और सीता का हरण कर ले गया। रास्ते में जटायु ने रोकने की कोशिश की तो युद्ध हुआ। इसमें जटायु वीरगति को प्राप्त हुए। सीता की खोज में राम-लक्ष्मण की शबरी से मुलाकात हुई। इसके बाद सुग्रीव के दरबार में हनुमान से मित्रता का प्रसंग मंचित हुआ। आगे बाली-सुग्रीव युद्ध दिखाया गया। इसमें बाली का वध हुआ। फिर सुग्रीव का राज्याभिषेक हुआ। अंत में हनुमान का लंका में प्रवेश प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मोहित टांटिया, प्रेम मित्तल, सुभाष तोसावड, हिमांशु पारीक मौजूद रहे। भूमिका निर्वाह में रवि सोनी, गौरव सोनी के अभिनय की चर्चा रही।