बहरोड़ के महात्मा गांधी स्कूल स्टेडियम में मंगलवार देर शाम दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अलवर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव रहे। नगर परिषद सभापति कमल यादव ने साफा पहनाकर उनका स्वागत किया और लाइब्रेरी के लिए पुस्तक भेंट की। वहीं, नगर परिषद कमिश्नर अभिषेक सैनी ने गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। रावण दहन बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प : यादव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि विजयादशमी का पर्व मन की बुराइयों को समाप्त कर अच्छाई की ओर बढ़ने का संदेश देता है। रावण दहन केवल किसी एक व्यक्ति का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह समाज और व्यक्ति के जीवन में मौजूद बुराइयों को खत्म करने का हर साल लिया जाने वाला संकल्प है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र प्रेम, करुणा, सेवा, पारिवारिक मूल्यों, विश्वास और जिम्मेदारी की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जुटे हैं। उन्होंने सभापति कमल यादव और नगर परिषद के नवनिर्वाचित बोर्ड को बधाई देते हुए कहा कि बहरोड़ के विकास में वे कदम से कदम मिलाकर साथ चलेंगे। स्वच्छ और विकसित बहरोड़ बनाने का संकल्प नगर परिषद सभापति कमल यादव ने श्रीराम के जयकारे के साथ अपने संबोधन में कहा कि सभापति के रूप में जनता का अभिनंदन प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि पद की प्रतिष्ठा, जनता का सम्मान और बहरोड़ का विकास उनकी प्राथमिकता रहेंगे। वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके विधायक डॉ. जसवंत यादव का भी अभिनंदन किया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया और स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बहरोड़ बनाने का संकल्प दोहराया। कुंभकरण, मेघनाद और रावण के पुतलों का दहन कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भगवान श्रीराम के स्वरूप में सजे युवक को तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद कुंभकरण, मेघनाद और रावण के पुतलों का एक के बाद एक दहन किया गया। पुतलों के दहन के दौरान हुई आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम में अलवर सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सागवान, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, उपसभापति रामनरेश यादव सहित नगर परिषद के पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।