भास्कर संवाददाता| बांसवाड़ा राज्यव्यापी हैंडपंप सत्यापन और मरम्मत अभियान के तहत जिला प्रशासन रविवार को छुट्टी के दिन फील्ड में उतरा। कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव समेत सभी एसडीएम, तहसीलदार और जलदाय विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में 2-2 ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। इस विशेष निरीक्षण अभियान के तहत राज्य सरकार के निर्देश थे कि कहीं हैंडपंप खराब मिले तो उसे तत्काल दुरुस्त करवाएं। जल संकट की स्थिति हो तो टैंकरों की व्यवस्था करवाएं। जल जीवन मिशन (जेजेएम) के अंतर्गत किए गए नल कनेक्शनों को जांचें कि वे क्रियाशील हैं या नहीं। इसी दौरान कलेक्टर ने बांसवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत बड़वी, लक्ष्मण झरी, उपला घंटाला एवं चाचाकोटा का निरीक्षण किया। छोटी सरवन में हैंडपंप खराब मिलने पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत करने को कहा। मवेशियों के लिए खेळियों में पर्याप्त पानी की उपलब्धता रखने के निर्देश दिए गए। बांसवाड़ा. हैंडपंप की जांच करते कलेक्टर। हैंडपंप सत्यापन अभियान: कलेक्टर सहित कई अधिकारी गांवों में पहुंचे, पेयजल व्यवस्था जांची अगर आपके इलाके में सार्वजनिक हैंडपंप खराब है या पेयजल संकट है तो हमें 9509056878 पर गांव का नाम, समस्या की डिटेल और फोटो केवल वॉट्सएप करें। भास्कर आपकी समस्या को प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करेगा।