भास्कर न्यूज | बारां नगर निकाय चुनाव में पार्षद बनने के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों के बीच राजनीतिक मुकाबला तो है ही, संपत्ति के मामले में भी तस्वीर दिलचस्प है। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों की ओर से घोषित संपत्ति के आंकड़ों के विश्लेषण में जिले के छह नगरीय निकायों के 714 प्रत्याशियों में 48 करोड़पति सामने आए हैं। 530 प्रत्याशी लखपति हैं, तो दूसरी ओर 113 प्रत्याशियों ने अपनी संपत्ति एक लाख रुपए से कम घोषित की है। यानी, चुनाव मैदान में करोड़ों की संपत्ति वाले प्रत्याशियों के साथ ऐसे उम्मीदवार भी हैं, जिनकी घोषित संपत्ति एक लाख रुपए तक नहीं है। करोड़पति प्रत्याशियों की संख्या सबसे ज्यादा बारां नगर परिषद में 23 है। यानी, जिले के कुल 48 करोड़पति प्रत्याशियों में करीब आधे अकेले बारां नगर परिषद से हैं। 60 वार्ड वाली इस नगर परिषद में संपत्ति के लिहाज से भी कई वार्डों में मुकाबला खासा दिलचस्प है। छबड़ा की सुषमा सबसे अमीर नामांकन में घोषित संपत्ति के आधार पर छबड़ा के वार्ड 1 से कांग्रेस प्रत्याशी सुषमा जिले की सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 14 करोड़ 26 लाख 40 हजार 263 रुपए घोषित की है। इसके बाद अटरू के जयप्रकाश हैं, जिनकी घोषित संपत्ति 8 करोड़ 88 लाख 96 हजार रुपए है। बारां नगर परिषद में सबसे अधिक संपत्ति वाली प्रत्याशी शीतल मारू गौतम हैं। उन्होंने 8 करोड़ 3 लाख 73 हजार 734 रुपए की संपत्ति घोषित की है। बारां की शीतल राठौर के पास 7 करोड़ 22 लाख 32 हजार 416 रुपए, कमल राठौर के पास 7 करोड़ रुपए और प्रियंका पवित्रा के पास 6 करोड़ 39 लाख 49 हजार 588 रुपए की घोषित संपत्ति है। इसके अलावा भरत भूषण की 5.32 करोड़, सत्यनारायण की 4.93 करोड़ और रमेशचंद बद्रीलाल की 4.89 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित है। अटरू, अंता व मांगरोल में भी करोड़पति प्रत्याशी करोड़पति प्रत्याशियों की संख्या में बारां नगर परिषद सबसे आगे है। अटरू में 8, अंता में 7, मांगरोल में 6, छबड़ा में 3 और सीसवाली में 1 करोड़पति प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अटरू के जयप्रकाश जिले के दूसरे सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। अटरू के कृष्ण मुरारी दिलावर ने 4 करोड़ 75 लाख 22 हजार की संपत्ति घोषित की है। अंता में भी करोड़पति प्रत्याशी मैदान में हैं। मांगरोल के ओमप्रकाश की घोषित संपत्ति 2.87 करोड़ रुपए से अधिक है। 6 निकायों में 530 प्रत्याशियों ने एक लाख से एक करोड़ रुपए से कम संपत्ति घोषित की है। यानी लखपति प्रत्याशियों की संख्या करोड़पति प्रत्याशियों से करीब 11 गुना है। 113 प्रत्याशियों की घोषित संपत्ति एक लाख रुपए से कम है। 23 प्रत्याशियों के नामांकन में संपत्ति का आंकड़ा दर्ज नहीं किया गया है। ये सभी आंकड़े नामांकन के समय प्रत्याशियों की ओर से घोषित संपत्ति पर आधारित हैं। लखपति-करोड़पति के बीच शून्य संपत्ति वाले भी: चुनाव में संपत्ति का अंतर सबसे चौंकाने वाला पहलू है। जिले में 5 प्रत्याशियों ने अपनी संपत्ति शून्य घोषित की है। इनमें मांगरोल के वार्ड 10 से कांग्रेस प्रत्याशी बलराम, वार्ड 16 से कांग्रेस प्रत्याशी अखलाक अहमद, सीसवाली के वार्ड 1 से निर्दलीय प्रत्याशी पिंकी, वार्ड 6 से निर्दलीय प्रत्याशी राजेश बाई और छबड़ा के वार्ड 11 से निर्दलीय प्रत्याशी सुनील यादव शामिल हैं।