बिजलीघर मजदूर यूनियन (इंटक) के प्रतिनिधिमंडल ने जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की है। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा और जिलाध्यक्ष सुनील गिरी के नेतृत्व में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। यूनियन ने दीपावली से पहले कर्मचारियों के लंबित टीए बिलों का भुगतान, ओवरटाइम के आदेश जारी कर अगले वेतन में उसका भुगतान सुनिश्चित करने, साइकिल अलाउंस और पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की प्रमुखता से मांग उठाई। इसके अलावा ठेके पर चल रहे पावर हाउसों के औचक निरीक्षण की भी मांग रखी। अधीक्षण अभियंता ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं। श्रीगंगानगर| अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस यूनियन ने जी ब्लॉक स्थित भगत सिंह पार्क में विधायक जयदीप बिहाणी और नगरपरिषद के नवनिर्वाचित सभापति अजय दावड़ा का अभिनंदन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश वाल्मीकि और जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने उन्हें गुलदस्ता और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का चित्र भेंट किया। इस दौरान यूनियन ने स्थायी व अस्थायी कर्मचारियों के समय पर वेतन भुगतान सहित अन्य समस्याओं को प्रमुखता से रखा। साथ ही, शहर की सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने में नगरपरिषद प्रशासन को पूरी निष्ठा से सहयोग देने का विश्वास दिलाया। कार्यक्रम में कई पार्षद और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।