श्रीगंगानगर। स्मार्ट फोन की खरीदारी में दुकानदार से ही सवा लाख रुपए से अधिक की ठगी का रोचक मामला सामने आया है। ठगी करने वाले ने इस वारदात को बड़ी चालाकी से अंजाम दिया। पीड़ित की ओर से कोतवाली में अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। एएसआई जगराम मीणा को मामले की जांच सौंपी गई है। घटना 15 अक्टूबर को दिन में अंजाम दी गई। पीड़िता आस्था नरूला ने बताया कि उनकी आईफोन स्टूडियो के नाम से मोबाइल की दुकान है। पीड़िता के देवर राहुल नरूला के फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने 15 तारीख को फोन करके खुद को टांटिया हॉस्पिटल का डॉ. अमित शर्मा बताया। आरोपी ने अपना आईफोन 18 प्रो मैक्स बेचने की इच्छा जताई। यह सौदा 1 लाख 28 हजार रुपए में तय हुआ। अज्ञात आरोपी ने यह फोन देने को शिव चौक स्थित एक कैफे में बुलाया। पीड़िता के देवर ने दुकान के कर्मचारी कृष्ण कुमार को मोबाइल लेकर आने को कैफे भेज दिया। वहां एक व्यक्ति हाथ में आईफोन लेकर खड़ा मिला। कर्मचारी कृष्ण कुमार ने राहुल को फोन पर इसकी जानकारी दी। इसके बाद राहुल ने अज्ञात कॉलर के भेजे गए क्यूआर कोड पर 1 लाख 28 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। रुपए भेजने के बाद कर्मचारी कृष्ण कुमार ने उक्त अज्ञात व्यक्ति से फोन मांगा। तब वहां मौजूद व्यक्ति ने कहा कि उसके खाते में कोई रकम नहीं आई है और वह किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर वहां पहुंचा है। उसने अपना नाम नंद किशोर बताया। उसने अपना फोन बेचने को ऑनलाइन साइट ओएलएक्स पर मोबाइल बेचने का विज्ञापन डाला था। उसे भी डॉक्टर अमित शर्मा ने विज्ञापन देखकर फोन खरीदने के लिए बुलाया था। अज्ञात आरोपी ने खुद को डॉ. अमित शर्मा बताया। ओएलएक्स पर आईफोन 18 प्रो मैक्स का विज्ञापन देखा। इस फोन को बेचने वाले को शिव चौक बुलाया। इधर उक्त दुकानदार को फोन करके यही फोन मॉडल बेचने का सौदा कर लिया। खुद को पर्दे के पीछे रखकर उसने दुकानदार से एक लाख 28 हजार रुपए वसूल लिए। साइबर ठगी का यह मामला सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।