जयपुर के आमेर में नशे में कार चला रहे ड्राइवर ने स्कूटी और फिर बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार साहिल (25) और बाइक सवार शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (26) की मौत हो गई। तीन युवक कलीमुद्दीन, सोहेल और तरुण घायल हो गए। मृतक शोएब चार महीने पहले ही पिता बना था, वहीं साहिल के घर में 12 नवंबर को बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों ने भीलवाड़ा निवासी कार ड्राइवर अयान (25) हाल सांगानेर और साथी सागर सोलंकी (25) को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कार से बीयर के कैन बरामद हुए हैं। हादसे का सीसीटीवी सामने आया है। जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ। आमेर महल से जलमहल की तरफ आ रही बेकाबू कार ने पहले मावठा सेल्फी पॉइंट के पास एक्टिवा को टक्कर मारी। एक्टिवा पर साहिल (25), तरुण और सोनू थे। इसके बाद भागने की कोशिश में 50 मीटर आगे मजार के पास बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार और बाइक खाई में जा गिरीं। आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से घायलों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने शोएब को मृत घोषित कर दिया, जबकि साहिल की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। देखिए, घटना के बाद की PHOTO'S नशे में था ड्राइवर और साथी साहिल के भाई इरशाद ने बताया- कार सवार दोनों युवक नशे में थे। दोनों भागने की फिराक में थे। साहिल की बहन जेबा की 12 नवंबर को शादी है। घर में खुशियों का माहौल था जो मातम में बदल गया है । साहिल की आमेर में मेडिकल शॉप है और परिवार बहन की शादी के बाद उसकी शादी करने की तैयारी में था। इसी महीने करना था बेटे के जन्म का जश्न समारोह बता दें कि साहिल ने गुरुवार को एसएमएस हॉस्पिटल के ट्रोमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं शोएबुद्दीन उर्फ शोएब की मौके पर ही मौत हो गई थी। शोएब दोस्त कलीम के साथ बाइक पर दावत से मछली मार्केट लोहारों का खुर्रा घाटगेट स्थित घर आ रहा था। शोएब चार महीने पहले जन्मे बेटे मोहम्मद हुसैन का इसी महीने जश्न समारेह आयोजित करने वाला था।