जयपुर में बदला लेने के लिए युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आर्मी जवान समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना 2 नवंबर की है। आरोपियों ने थार गाड़ी से स्विफ्ट कार को टक्कर मारी थी, फिर कार में बैठे युवक पर डंडों और सरियों से हमला कर दिया। इसके बाद युवक को जबरन थार गाड़ी में डालकर ले गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल थार और स्विफ्ट कार बरामद कर ली है। बदमाशों ने सरिये से हमला किया,टक्कर मारी 2 नवंबर को पीड़ित गोविंद यादव के भाई मनीष यादव ने कालवाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पीड़ित के भाई के अनुसार, गोविंद अपनी स्विफ्ट कार से पड़ोसी कौशल स्वामी और दो अन्य दोस्तों के साथ जा रहा था। शाम करीब 7 बजे गोविंद ने अपनी कार रॉयल सिटी स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार के पास खड़ी कर रखी थी। पीड़ित गोविंद और साथ में आए दोस्त इस दौरान कार में ही बैठे थे। इसी दौरान एक काले रंग की थार तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आई। थार ने गोविंद की कार को टक्कर मार दी। थार में सवार 6-7 युवकों ने उतरकर डंडों और सरियों से कार पर हमला कर दिया। हमले के दौरान पड़ोसी कौशल और दो अन्य दोस्त गोविंद की कार से निकलकर भाग गए। सड़क पर पटककर पीटा आरोपियों ने गोविंद को पकड़ लिया और सड़क पर पटककर डंडों व सरियों से बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन थार गाड़ी में डालकर सुशांत सिटी की तरफ ले गए। परिवादी के अनुसार, आरोपियों में से एक के पास पिस्टल भी थी। घटना की जानकारी मिलने पर उसने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। गोविंद का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की हुई पहचान डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश चौधरी (29) निवासी मीणा की ढाणी, गांव बिहारिपुरा, थाना फागी, राजू लाल मीणा (28) निवासी दोसरा मंडालिया, थाना माधोराजपुरा, तहसील फागी और भागीरथ गुर्जर (26) निवासी गांव झाझेड़ा, थाना चौथ का बरवाड़ा, सवाई माधोपुर के रूप में हुई है।