जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने रितु बराला मारपीट केस में जीरो एफआईआर करने से इनकार कर दिया है। मित्तल सोमवार शाम से कमिश्नरेट में धरना दे रहे कांग्रेस नेताओं से बुधवार सुबह 10.30 बजे मिलने पहुंचे। उन्होंने कमिश्नरेट के कमरा नंबर 9 में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व दूसरे नेताओं से बात की। इसके बाद करीब 11.30 बजे दो पुलिस अधिकारी सचिन मित्तल का जवाब लेकर पीसीसी चीफ से मिले। करीब 12.30 बजे पुलिस कमिश्नर ने डोटासरा को एक लेटर सौंपा, जिसमें जीरो एफआईआर क्यों नहीं की जा रही, इसकी जानकारी दी गई है। इसके बाद कांग्रेस नेता धरना समाप्त कर करीब 42 घंटे बाद कमिश्नरेट ऑफिस से बाहर आ गए। नेताओं ने कहा कि अब वे एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोर्ट जाएंगे। इस दौरान कार्यकर्ता डोटासरा जिंदाबाद के नारे लगाने लगे, लेकिन पीसीसी चीफ ने उन्हें रोक दिया और केवल राहुल जिंदाबाद के नारे लगाने के लिए कहा।