दिवाली पर जयपुर के बाजारों में खरीदारी करने या रोशनी देखने जाने वाले लोगों को पार्किंग के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। यातायात पुलिस ने इसके लिए क्यूआर कोड और वेब लिंक जारी किया है। लोग क्यूआर कोड स्कैन करके शहर के प्रमुख बाजारों के आसपास पार्किंग की उपलब्धता और ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी ले सकेंगे। इसके साथ ही अलग-अलग रास्तों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल भी तय किए गए हैं। डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि 6 से 9 नवंबर तक धनतेरस, रूप चतुर्दशी, दीपावली और गोवर्धन पूजा के दौरान बाजारों में भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने यह व्यवस्था की है। परकोटे के लोगों के लिए रामनिवास बाग में रहेगी पार्किंग की व्यवस्था परकोटे में रहने वाले लोग 6 से 9 नवंबर तक रामनिवास बाग स्थित जेडीए पार्किंग और रामलीला मैदान में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे। परकोटे में पार्किंग की जगह सीमित होने के कारण यातायात पुलिस ने लोगों से रामनिवास बाग की भूमिगत पार्किंग का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। देर रात तक चलेगी मेट्रो, यहां पार्क कर सकेंगे वाहन दिवाली पर लोगों की सुविधा के लिए जयपुर मेट्रो का संचालन देर रात तक किया जाएगा। डीसीपी ट्रैफिक ने जयपुर उत्तर और दक्षिण क्षेत्र से आने वाले लोगों से मेट्रो का अधिकतम उपयोग करने की अपील की है। झोटवाड़ा रोड और स्टेशन रोड से आने वाले लोग चांदपोल अनाज मंडी में वाहन पार्क करके मेट्रो से परकोटे में जा सकेंगे। वहीं सीकर रोड, अजमेर रोड और मानसरोवर से आने वाले लोग नजदीकी मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में वाहन खड़े करके मेट्रो का उपयोग कर सकेंगे। नो पार्किंग में वाहन खड़ा किया तो होगी कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस ड्रोन और कैमरों से नो पार्किंग जोन और मुख्य रास्तों पर नजर रखेगी। यहां वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, एम्बुलेंस, आवश्यक सेवाओं और इमरजेंसी वाहनों का आवागमन जारी रहेगा।