जयपुर में गुरुवार को फुड सेफ्टी विभाग द्वारा छापेमारी के दौरान 9 हजार 731 लीटर कुकिंग ऑयल के स्टॉक को सीज किया गया।जयपुर सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत के निर्देशन में टीम ने सीकर रोड स्थित वीकेआई एरिया में मैसर्स बी.एन. एग्रीटेक लिमिटेड के प्राधिकृत परिसर पर विजीट की थी। यहां से टीम ने मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के तीन अलग-अलग वेरिएंट के सैंपल लेकर उनको जांच के लिए लैब भिजवाए गए। वहीं 9,731 लीटर खाद्य तेल के स्टॉक को सीज किया। लिए गए सैंपल की रिपोर्ट आने तक कुकिंग ऑयल और घी दोनों के बेचने पर रोक लगाई। इसके अलावा सीकर रोड पर कुकड़खेड़ा मंडी स्थित हेजल ट्रेडिंग कंपनी से घी का सैंपल लेने के बाद वहां रखा 225 किलो घृतम ब्रांड का घी सीज किया। जयपुर सीएमएचओ के अधीन टीम ने जयपुर के वीकेआई, शास्त्री नगर इलाकों में छापा मारा। जहां अलग-अलग जगहों से कुकिंग ऑयल, घी की खैप को सीज किया। दूध, क्रीम नष्ट करवाई टीम ने शास्त्री नगर स्थित शर्मा पनीर उद्योग एवं बालाजी पनीर हाउस, सुभाष नगर शॉपिंग सेंटर पर भी विजीट की। टीम ने मौके से मावा, मिल्क केक, पनीर और घी के सैंपल लिए। इस दौरान मौके पर रखा 30 लीटर एक्सपायर्ड दूध और 25 किलो खराब क्रीम को नष्ट करवाया गया।