जयपुर शहर में एक तरफ स्मार्ट सिटी और आधुनिक विकास के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई रिहायशी इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दैनिक भास्कर के ‘समाधान’ सेगमेंट में सामने आई शिकायतों ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। अलग-अलग इलाकों से गंदगी, टूटी सड़कों, सीवर लाइन और झुकते बिजली पोल जैसी समस्याएं सामने आई हैं, जो सीधे तौर पर आम लोगों के जीवन को प्रभावित कर रही हैं। आमजन से जुड़ी जनसमस्या और शहर की जमीनी हकीकत को पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें। प्रताप नगर के सेक्टर 28 में गंदगी से फैली बदबू प्रताप नगर सेक्टर 28 में रहने वाले राजकुमार चौधरी ने इलाके में फैली गंदगी और टूटी सीवर लाइन की समस्या उठाई है। उनका कहना है कि लंबे समय से कचरा इकट्ठा हो रहा है और सीवर लाइन टूटने से बदबू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात यह हैं कि एसटीपी प्लांट का गंदा पानी भी आसपास के गड्ढों में भर रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। स्ट्रीट लाइट झुकने के हादसे का खतरा वहीं जगतपुरा के महावीर मार्ग पर झुकते स्ट्रीट लाइट पोल ने लोगों में डर का माहौल बना दिया है। स्थानीय निवासी पुनीत चौरसिया के मुताबिक सड़क किनारे लगा लाइट पोल गिरने की कगार पर है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द इसे दुरुस्त करने की मांग की है। सीवर लाइन न होने पर लोगों ने जताई आपत्ति वैशाली नगर के पास अम्रपाली सर्किल स्थित द्रोणपुरी इलाके में सीवर लाइन तक नहीं है और सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। अनिल कोठारी ने बताया कि टूटी सड़कों के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया है और बारिश में स्थिति और खराब हो जाती है। बारडिया कॉलोनी में जलभराव की समस्या एमडी रोड स्थित बारडिया कॉलोनी में जलभराव ने लोगों की दिनचर्या पर ब्रेक लगा दिया है। शकील अहमद के अनुसार पिछले चार दिनों से उनके घर के सामने पानी भरा हुआ है, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे और लोगों को काम पर जाने में परेशानी हो रही है। नाली की समस्या का हुआ समाधान आदर्श नगर के नाथमाल जी का कतला इलाके से हंसराज सामोता ने दैनिक भास्कर के समाधान सेगमेंट पर नाली की समस्या लिखी थी। जिसमें उन्होंने बीएसएनएल ऑफिस के पास वाली गली पानी से ब्लॉक होने की समस्या बताई थी। समस्या पोस्ट होने के बाद संबंधित विभाग ने तुरंत कार्रवाई कर समाधान करवा दिया है। जिससे लोगों की एक बड़ी समस्या का समाधान हो गया है। इसी तरह झोटवाड़ा के नीरो की ढाणी, केडिया हाउस रोड पर टूटे सीवर चैंबर की शिकायत के बाद भी त्वरित कार्रवाई हुई। नगर निगम के स्वास्थ्य उपायुक्त ओम थानवी के निर्देश पर समस्या का समाधान कर दिया गया, जिससे हादसे का खतरा टल गया और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। आज के 'पब्लिक के स्टार' बने ओम थानवी झोटवाड़ा के नीरो की ढाणी से दीपक कुमार सैनी ने टूटे सीवर चैंबर की समस्या पोस्ट की थी। जिसमें दीपक ने सीवर का ढक्कन एक बार फिर से टूट जाने की समस्या लिखी थी। समस्या पोस्ट होने के बाद नगर निगम के स्वास्थ्य उपायुक्त ओम थानवी ने तुरंत समाधान करवा दिया है। इन त्वरित कार्रवाइयों के चलते आज के ‘पब्लिक के स्टार’ नगर निगम के स्वास्थ्य उपायुक्त ओम थानवी बने हैं, जिन्होंने शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए समाधान सुनिश्चित किया। शहर के अलग-अलग हिस्सों से सामने आ रही समस्याएं यह साफ दिखाती हैं कि अभी भी कई क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर काफी काम किया जाना बाकी है। वहीं ‘समाधान’ जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों की आवाज उठने पर प्रशासन की सक्रियता भी देखने को मिल रही है। पब्लिक की आवाज बन रहा “भास्कर समाधान” ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सामने रखने के लिए मदद कर रहा है। लोगों से मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अधिकारियों को सीधे मिल रही समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपना एक्शन बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उसके अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहेंगे तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे भी कॉल कर सकेंगे। भास्कर एप से समस्याओं के समाधान की ये खबरें भी पढ़िए… 1. झोटवाड़ा में 15 साल से नहीं बनी सड़क:भास्कर समाधान से मिली जनता को राहत, रविंद्र बने पब्लिक के स्टार 2.जयपुर में मूक दर्शक बना शासन - प्रशासन:मूलभूत सुविधाओं के लिए जनता हो रही परेशान, रविंद्र सिंह ने सुनी जनता की आवाज 3.जयपुर में मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हो रही जनता:भास्कर समाधान बना जनता की आवाज, प्रदीप बने पब्लिक के स्टार 4.जयपुर में जनता हो रही परेशान:गंदगी, जाम सीवर और बिजली लापरवाही से जूझता शहर, शिकायतों के बाद सिस्टम हरकत में आया 5.जयपुर में बदहाल सड़कों से जनता परेशान:पानी का संकट और गंदगी से बिगड़े हालत, समाधान के इंतजार में शहर; निधि जैन बनीं ‘पब्लिक की स्टार’ 6.जयपुर की कई कॉलोनियों में सड़कों पर सीवर का पानी:कई जगह अतिक्रमण, गंदगी से जनता परेशान, XEN निधि जैन बनीं ‘पब्लिक के स्टार’ 7.जयपुर की कई कॉलोनियों की जनता परेशान:गंदा पानी, गलियों में अंधेरा, टूटी सड़कें; जानिए JEN राहुल अग्रवाल कैसे बने ‘पब्लिक के स्टार’ 8.जयपुर में मूलभूत सुविधाओं की कमी से जनता परेशान:कचरे से भरे नाले, बंद लाइट और जाम नालियां, AEN बालूराम गुर्जर बने ‘पब्लिक के स्टार’ 9.भास्कर समाधान का असर:अंधेरा, गंदगी और हादसों के खतरे के बीच कई इलाकों को मिली राहत; AEN बालूराम गुर्जर बने ‘पब्लिक के स्टार’ 10.भास्कर समाधान का असर,समस्याएं आने पर जिम्मेदार ले रहे एक्शन:कई इलाकों में हरकत में आया प्रशासन, JEN संदीप मीणा बने पब्लिक के स्टार