जयपुर के सांगानेर स्थित पिंजरापोल गोशाला में करंट लगने से चार गायों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार- हादसा गोशाला परिसर में लगे ट्रांसफार्मर के पास शुक्रवार सुबह हुआ। घटना के बाद गोशाला प्रबंधन ने बिजली विभाग को सूचना देकर मामले की जांच कराने की मांग की। दरअसल, ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा के लिए लोहे की जाली लगी हुई है। संभावना जताई जा रही है कि जाली में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से चारों गायों की मौत हो गई। हालांकि, करंट आने के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। वहीं घटना के बाद गोसेवकों ने गोशाला प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। गोशाला प्रबंधन ने बिजली विभाग की टीम को बुलाया घटना की सूचना मिलते ही गोशाला प्रबंधन ने बिजली विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने ट्रांसफार्मर और सुरक्षा जाली की तकनीकी जांच की। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मृत गायों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना के बाद गोशाला परिसर में अन्य पशुओं की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित क्षेत्र को सुरक्षित किया गया है। बिजली विभाग और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। बता दें कि इससे पहले पिंजरापोल गोशाला में अनियमिताओं को लेकर भी जांच जारी है।