जयपुर में एक ज्वेलरी की दुकान में रविवार तड़के चोरी हो गई। चोरों ने दुकान का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 18 किलो चांदी और 7 ग्राम सोने के गहने कपड़े के बैग में भरकर ले गए, जिनकी कीमत करीब 45 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें 2 आरोपी दुकान में घुसते, बैग निकालते और फिर सोने-चांदी के गहने भरकर फरार होते दिख रहे हैं। सदर थाना पुलिस दुकान में लगे CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। देखिए, घटना से जुड़ी 3 PHOTOS… दुकान का पिछला गेट टूटा हुआ था ACP (सदर) धर्मवीर सिंह ने बताया- चांदपोल बाजार के रहने वाले बलराम सोनी (46) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उनकी खासाकोठी पुलिया के पास विनायक ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। शनिवार रात रोज की तरह वह दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। देर रात बदमाशों ने चोरी के इरादे से दुकान को निशाना बनाया। बदमाश दुकान के पीछे लगे चैनल गेट को तोड़कर अंदर घुसे। वे दुकान में रखी तिजोरी को तोड़ने में असफल रहे, लेकिन काउंटर और शोकेस में रखे करीब 18 किलोग्राम चांदी के और करीब 7 ग्राम सोने के गहने चोरी कर ले गए। रविवार सुबह दुकान का पिछला गेट टूटा होने पर चोरी का पता चला। सदर थाना पुलिस ने सूचना पर पहुंचकर मौके से सबूत जुटाए। CCTV फुटेज में कैद मिली करतूत धर्मवीर सिंह ने बताया कि दुकान के अंदर लगे CCTV फुटेज में चोरों की करतूत कैद हो गई है। रात 2 बजे से तड़के 3:30 बजे के बीच दो चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। दोनों बदमाश दुकान का पिछला चैनल गेट तोड़कर अंदर घुसे। चोर दुकान में रखे चांदी के गहनों को कपड़े के एक बैग में भरकर ले गए। CCTV फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की तलाश की जा रही है। डीएसटी और स्पेशल टीम फुटेज के आधार पर दोनों चोरों की पहचान करने में लगी है। जल्द ही दोनों को पकड़ लिया जाएगा।