जयपुर में लिव-इन पार्टनर की हत्या मामले में पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह खुलासा किया है। पुलिस ने फ्लैट में शव छोड़कर भागे आरोपी को भरतपुर से गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार बसों में सफर कर रहा था। पूछताछ में उसने अफेयर के शक में लिव इन पार्टनर की हत्या करना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से और भी पूछताछ कर रही है। DCP (साउथ) राजर्षिराज ने बताया- हत्या में आरोपी युगराज सिंह उर्फ युवराज सिंह उर्फ दीपक (27) निवासी चिकसाना भरतपुर को अरेस्ट किया है। वह पिछले करीब एक साल से पत्रकार कॉलोनी रामपुरा की आमोर सोसायटी में रह रहा था। इसी फ्लैट में वह लिव-इन पार्टनर मोना जाटव के साथ रहकर टिफिन सेंटर चला रहा था। 18 अक्टूबर की देर रात आरोपी युवराज ने लिव-इन में रहने वाली मोना पर भारी चीज से वार कर हत्या की थी। मोबाइल बंद कर भागा हत्या करने के बाद 19 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे युवराज फ्लैट में शव छोड़कर भाग निकला। पुलिस से बचने के लिए मोबाइल आरोपी ने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। पुलिस ने उसे भरतपुर के बी.नारायण गेट से गुरुवार देर रात धर-दबोचा। पुलिस से बचने के लिए वह मोबाइल बंद कर कभी दिल्ली, कभी आगरा तो कभी भरतपुर की बसों में घूमता रहा। वह फरारी काटने के लिए दिल्ली भागने की फिराक में था। अफेयर के शक में मार डाला पुलिस पूछताछ में आरोपी ने लिव-इन पार्टनर मोना जाटव की हत्या करना कबूल किया है। उसने बताया कि उसे पिछले काफी समय से लिव-इन पार्टनर मोना पर किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। दूसरे व्यक्ति से अफेयर होने के शक में उससे बात करने पर झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसने मोना की हत्या कर दी।