जयपुर में शनिवार दिन-दहाड़े एक बुजुर्ग महिला से लूट का मामला सामने आया है। आंखों में मिर्च पाउडर डालकर बदमाश झपट्टा मारकर गले से गोल्ड चेन तोड़ ले गया। मानसरोवर थाना पुलिस ने सूचना पर नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाश का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ लुटेरे की तलाश कर रही है। SHO (मानसरोवर) सतीश चन्द ने बताया- मानसरोवर के रजत पथ निवासी 70 साल की महिला से लूट की वारदात हुई। शनिवार शाम करीब 6 बजे वह घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचने पर एक बदमाश पीछे से आया। पास से निकलते समय हाथ में लगा मिर्च पाउडर बुजुर्ग महिला की आंखों में डाल दिया। झपट्‌टा मारकर तोड़ी चेन मिर्च पाउडर मुंह पर डालते ही नीचे झुकने पर बदमाश ने गले पर झपट्‌टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। शोर मचाकर पीछा करने पर बदमाश तेजी से गलियों में होकर भाग गया। मानसरोवर थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगाल रही है। इसके साथ ही हुलिए के आधार पर लुटेरे की तलाश कर रही है।