जयपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत का मामला सामने आया है। युवती की करीब 5 महीने पहले शादी हुई थी। SHO (शिवदासपुरा) राजेश गौतम ने बताया- सीतापुरा के मानव विहार निवासी लवी कुमारी (24) की रविवार को मौत हो गई। करीब 5 महीने पहले लवी कुमारी की शादी मर्चेंट नेवी में काम करने वाले सूरज शर्मा से हुई थी। पिछले दो-तीन दिन से लवी बीमार चल रही थी। ऐसे में लवी ने रविवार शाम करीब 6 बजे कुछ टेबलेट खाई। इसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे तुरंत महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। देर रात इलाज के दौरान लवी की मौत हो गई। मेडिकल सूचना पर शिवदासपुरा थाना पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। पुलिस ने महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शव को रखवाया। पुलिस ने कहा- संदिग्ध मौत को लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।