प्रेग्नेंट महिला से छेड़छाड़ करने वाले बदमाश को जयपुर पुलिस मध्यप्रदेश से प्रोडक्शन वारंट पर अरेस्ट करके लाई। मुरैना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करने के लिए मुरैना कोर्ट में पेश किया। इस दौरान भागने में आरोपी के हाथ-पैर टूट गए। पुलिस ने बदमाश को शरण देने और मदद करने वाले 2 साथियों को भी अरेस्ट किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पिछले एक महीने में जयपुर में अलग-अलग जगहों पर 4 लड़कियों से छेड़छाड़ की थी। बदमाश पर मध्यप्रदेश में 33 मामले दर्ज है। जिसमें आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, मारपीट, पीटा एक्ट और छेड़छाड़ के केस है। जयपुर पुलिस ने आरोपी पर 5 आपराधिक मामले दर्ज किए हैं।
अब 4 पॉइंट में समझिए पूरा मामला… 1. मुख्य आरोपी और सहयोगी गिरफ्तार, कार जब्त DCP ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी राहुल घुरैया उर्फ राज उर्फ राहुल गुर्जर (33) निवासी बिजौली, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही सहयोगी शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ (29) निवासी निवाई (टोंक) हाल सेक्टर-11 मालवीय नगर और बाबूलाल बराला (28) निवासी मॉडल टाउन कॉलोनी मुहाना को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने फरारी के दौरान इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त किया है। 2. सरेराह छेड़छाड़ करता था बदमाश मुख्य आरोपी राहुल घुरैया के खिलाफ मध्यप्रदेश में कुल 33 और जयपुर में 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, मारपीट, पीटा एक्ट और छेड़छाड़ के केस शामिल हैं। पिछले करीब 6 महीने से तीनों आरोपी जवाहर सर्किल और सांगानेर इलाके में तीन स्पा सेंटर चला रहे थे। पूछताछ में आरोपी राहुल गुर्जर ने पिछले एक महीने में जवाहर सर्किल के अलावा सांगानेर, बजाज नगर और रामनगरिया में युवतियों से सरेराह छेड़छाड़ करना कबूल किया है। संबंधित थानों में भी पीड़ित पक्ष की ओर से केस दर्ज कराए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला-युवती से छेड़छाड़ का आरोपी राहुल गुर्जर आदतन बदमाश है। 3. दोस्तों ने की कार की व्यवस्था 25 मार्च को मालवीय नगर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ की घटना CCTV फुटेज में कैद हो गई थी। इसका वीडियो सामने आने पर 12 अप्रैल को जवाहर सर्किल थाने में FIR दर्ज की गई। इस बारे में पता चलने पर आरोपी राहुल के साथी सिद्धार्थ और बाबू ने कार की व्यवस्था की और फरार हो गए। पुलिस से बचने के लिए तीनों अलग-अलग जगहों पर फरारी काटने चले गए। राहुल फरारी के दौरान पाली, गुजरात, ग्वालियर और मुरैना में छिपता रहा। 15 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे वह गुपचुप तरीके से मुरैना कोर्ट पहुंचा और साल 2018 के एक डकैती मामले में सरेंडर की अर्जी लगा दी। 4. कोर्ट में पेश करने पर भागा राहुल के बारे में पता चलने पर जयपुर पुलिस ने मुरैना कोर्ट में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अर्जी लगाई। मुरैना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेने के लिए उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी राहुल गुर्जर पुलिस गिरफ्त से भागने लगा, जिससे उसका हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर लाकर गिरफ्तार कर लिया।