जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ट्रैवल करने वाले पैसेंजर्स के लिए बुधवार से दो बड़ी सुविधाएं शुरू हो गई। एक ओर दिल्ली-एनसीआर जाने वाले यात्रियों के लिए नोएडा (जेवर) इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए नई उड़ान सेवा शुरू की गई है। वहीं करीब चार महीने बाद दुबई के लिए भी सीधी हवाई सेवा दोबारा बहाल हो गई है। दोनों नई सेवाओं के शुरू होने से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पैसेंजर्स को बेहतर कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा। दरअसल, पहले दिल्ली-एनसीआर जाने वाले पैसेंजर्स के लिए बड़ी राहत मिली है। जयपुर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के लिए इंडिगो ने दो नई फ्लाइट शुरू की हैं। इनमें फ्लाइट 6E-7647 सुबह 7 बजकर 35 मिनट पर जयपुर से रवाना होगी। सुबह 8 बजकर 25 मिनट पर नोएडा पहुंचेगी। यह फ्लाइट दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले पैसेंजर्स को सड़क मार्ग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही जेवर एयरपोर्ट से देश और विदेश के अन्य शहरों के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। दुबई रूट के लिए फ्लाइट शुरू अंतरराष्ट्रीय पैसेंजर्स के लिए भी अच्छी खबर है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने करीब चार महीने बाद जयपुर-दुबई रूट पर अपनी सीधी उड़ान सेवा फिर शुरू कर दी है। एयरलाइन की फ्लाइट IX-143 जयपुर से शाम 6 बजकर 45 मिनट पर उड़ान भरेगी और रात 9 बजे पहुंचेगी। वापसी में फ्लाइट IX-144 दुबई से रात 9 बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन तड़के 3 बजे जयपुर पहुंचेगी। दुबई की यह उड़ान सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी। जयपुर से यह सेवा सोमवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। पिछले चार महीनों से यह सेवा बंद होने के कारण पैसेंजर्स को दिल्ली, मुंबई या अन्य शहरों के जरिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ रही थी। अब सीधी उड़ान फिर शुरू होने से ट्रैवल का वक्त कम होगा। यात्रियों को मिलेगी राहत बता दें कि जयपुर एयरपोर्ट से शुरू हुई इन नई सेवाओं का सबसे ज्यादा फायदा व्यापारियों, कॉरपोरेट पैसेंजर्स, पर्यटकों और खाड़ी देशों में रहने वाले प्रवासी भारतीयों को मिलेगा। नोएडा के लिए सीधी उड़ान से दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। वहीं दुबई के लिए उड़ान बहाल होने से राजस्थान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच पर्यटन, व्यापार और रोजगार से जुड़े आवागमन को नई गति मिलेगी।