पंचायत चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग आज पूरी हो गई। जयपुर जिले में आज 5 पंचायत समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में वार्ड पंच और सरपंच पद के लिए वोटिंग करवाई गई। जहां करीब 87 फीसदी वोटर्स ने वोट डाले। इससे पहले 3 नंवबर को इन्हीं पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी, जिसमें 72.85 फीसदी वोटर्स ही वोट करने बू​थों पर पहुंचे थे। पंचायत समितिवार स्थिति देखे तो सबसे ज्यादा वोट माधोराजपुरा पंचायत समिति में 90.34 फीसदी और सबसे कम कोटखावदा में 85.58 फीसदी वोटिंग हुई। जबकि चाकसू पंचायत समिति में 86.25 फीसदी, फागी में 89.17 और सांगानेर में 88.32 फीसदी वोटिंग हुई। जयपुर में तीसरे चरण की वोटिंग शांतिपूर्ण रही। इन पंचायत समितियों में इतने उम्मीदवारों ने लड़ा चुनाव जिला निर्वाचन शाखा से जारी रिपोर्ट के मुताबिक सरपंच पद के लिए कोटखावदा की 27 ग्राम पंचायतों में 174 अभ्यर्थी, चाकसू की 32 ग्राम पंचायतों में 211, माधोराजपुरा की 25 ग्राम पंचायतों में 167 अभ्यर्थी, फागी की 26 ग्राम पंचायतों में 154 और सांगानेर की 23 ग्राम पंचायतों में 150 उम्मीदवार ने चुनाव लड़ा है। वोटिंग प्रतिशत 442 पोलिंग बूथ बनाए वार्ड पंच और सरपंच की वोटिंग के लिए 442 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर 3 नवंबर को पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के लिए वोटिंग हुई थी। उस समय 72.85 फीसदी वोटर्स ने वोट डाले थे, लेकिन इस बार ये प्रतिशत 87 फीसदी से ऊपर रहा। इन चुनाव में 3 लाख 74 हजार 816 वोटर्स को वोटिंग राइट था। इसमें 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष, 1 लाख 81 हजार 609 महिला और 1 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।