जयपुर में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग बुधवार शाम 6 बजे खत्म हो गई। जिले की 5 पंचायत समितियों में 69.20 फीसदी वोटिंग हुई, जो पहले चरण के मुकाबले ज्यादा रही। सबसे ज्यादा वोटिंग शाहपुरा पंचायत समिति में 72.08 फीसदी हुई, जबकि सबसे कम अमरसर पंचायत समिति 66.75 फीसदी हुई। इसके अलावा आमेर में 68.33%, जालसू में 71.95%, रामपुरा-डाबड़ी में 67.98% वोटिंग हुई है। वहीं पहले फेज में 16 सितंबर को जयपुर जिले में 68.28% वोटिंग हुई थी। जयपुर जिला निर्वाचन शाखा की रिपोर्ट के मुताबिक दूसरे चरण की वोटिंग के लिए 413 पोलिंग बूथ बनाए गए। जहां कुल 277 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसमें 5 पंचायत समितियों में कुल 81 और जयपुर जिला परिषद के 11 वार्ड मेम्बर्स चुने जाएंगे। इन पंचायत समितियों में वोटिंग दूसरे चरण में अमरसर, आमेर, जालसू, रामपुरा-डाबड़ी और शाहपुरा पंचायत समितियां है। इन सभी पंचायत समितियों में कुल 81 वार्ड है, जिनमें 247 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन पंचायत समितियों में आ रहे जिला परिषद के 11 वार्ड (वार्ड संख्या 11 से 14 और 51 से 57) के लिए भी आज वोटिंग हुई। जिला परिषद के इन 11 वार्डों में 30 उम्मीदवार मैदान में है। 20 नवंबर को होगी मतगणना वोटिंग के बाद देर शाम ईवीएम मशीनों को जयपुर के भवानी निकेतन परिसर में बनाए स्ट्रांग रूम में लाया गया। अब इन मतों की गणना 20 नवंबर को होगी, उसी दिन रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। वोटिंग प्रतिशत सरपंच और वार्ड पंच के लिए कल नामांकन जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की वोटिंग के बाद अब कल यानी 29 अक्टूबर से इन पंचायत समितियों में मौजूद 112 ग्राम पंचायतों के वार्ड पंच और सरपंच की निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होगी। कल वार्ड पंच और सरपंच पद के लिए नामांकन भरे जाएंगे और देर शाम तक जांच और नाम वापसी के बाद फाइनल उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। 30 अक्टूबर को वार्ड पंच और सरपंच के लिए सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी और वोटिंग खत्म होने के बाद मतगणना शुरू करके देर रात तक रिजल्ट घोषित किए जाएंगे।