पंचायत चुनाव के पहले फेज की वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। जयपुर में जिला परिषद के 22 वार्डों में और 8 पंचायत समितियों के सभी 146 वार्डों में वोट डाले जा रहे है। शाम 6 बजे तक वोटिंग के बाद मत पेटियां सीकर रोड भवानी निकेतन परिसर में बने स्ट्रांग रूम में लाकर रखी जाएगी। 20 नवंबर को काउंटिंग कर रिजल्ट घोषित किया जाएगा। पहले फेज के लिए कुल 7 लाख 43 हजार 640 वोटर वोट करेंगे। इसमें 3 लाख 84 हजार 195 पुरूष मतदाता और 3 लाख 59 हजार 445 महिला मतदाता हैं। जिला परिषद के 22 वार्डों के लिए 60 प्रत्याशी मैदान में है, जबकि पंचायत समिति के 146 वार्डों में कुल 415 प्रत्याशी मैदान में है। पहले चरण में 8 पंचायत समितियों में चुनाव 8 पंचायत समितियां गोविंदगढ़, चौंमू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, झोटवाड़ा, सांभरलेक, दूदू और मौजमाबाद के सभी वार्डों के लिए वोटिंग होगी। जबकि इन पंचायत समिति क्षेत्रों में आ रहे जिला परिषद के कुल 22 वार्डो के लिए भी वोट डाले जा रहे है। इसमें वार्ड संख्या 1 से 10 और वार्ड संख्या 15 से 26 शामिल है। 797 मतदान केंद्र बनाए 8 पंचायत समितियों में 146 वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव के लिए कुल 797 पोलिंग स्टेशन (मतदान केन्द्र) बनाए गए है। सरपंच और वार्ड पंच के लिए नामांकन कल इन 8 पंचायत समितियों में आने वाली 212 ग्राम पंचायतों के वार्ड पंच और सरपंच के लिए ​चुनाव प्रक्रिया 23 अक्टूबर से शुरू होगी। 23 अक्टूबर को वार्ड पंच और सरपंच के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और देर शाम तक चुनाव लड़ने वालों की फाइनल सूची जारी की जाएगी। 24 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी और वोटिंग के बाद काउंटिंग शुरू करके देर रात परिणाम घोषित किए जांएगे।