जयपुर ग्रामीण पुलिस ने जाली नोट के मामले में पिछले 1 साल से फरार चल रहे वांछित आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार किया है। चंदवाजी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि यह मामला 18 जून 2025 का है। उस दिन अमरसर थाना पुलिस को जाली भारतीय मुद्रा बनाने और सप्लाई करने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने करीरी गांव में सती माता मंदिर के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान बाइक चालक राघवेंद्र सिंह उर्फ भीम सिंह बेटा खेम सिंह, निवासी श्याम मोहल्ला बिलान्दरपुर को रोका गया। उसके कब्जे से 500-500 रुपए के 806 जाली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 4 लाख 3 हजार रुपए थी। जांच के दौरान नांगल कोजू निवासी विकास यादव बेटा गुलाब चंद यादव की इस मामले में संलिप्तता सामने आई। घटना के बाद से ही विकास फरार चल रहा था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा रणवीर सिंह और सर्किलअधिकारी जमवारामगढ़ रामकिशन विश्नोई के सुपरविजन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। चंदवाजी थानाधिकारी हीरालाल सैनी के नेतृत्व में इस टीम ने सूचना संकलन और तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए अथक प्रयास किए। इन प्रयासों के बाद वांछित आरोपी विकास यादव को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।