जयपुर में माणकचौक थाना पुलिस ने जलेबी चौक से चोरी हुई स्कॉर्पियो कार की वारदात का मात्र चार घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई स्कॉर्पियो कार बरामद कर ली है। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि 5 मई को एक परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह जयपुर घूमने आया था और अपनी स्कॉर्पियो कार जलेबी चौक में पार्क कर गया था। कुछ देर बाद लौटने पर कार वहां से गायब मिली। इस पर थाना माणकचौक में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। 100 सीसीटीवी कैमरे खंगाले मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज पाठक, सहायक पुलिस आयुक्त पीयूष कविया और थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल और आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की। जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की स्कॉर्पियो लेकर सीकर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत रवाना हुई और रानोली टोल नाके पर दोनों आरोपियों को चोरी की स्कॉर्पियो सहित पकड़ लिया। स्कॉर्पियो बरामद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीप नारायण मिश्रा निवासी साबरमती, अहमदाबाद और रितेश मिश्रा निवासी रोहतास, बिहार हाल निवासी अहमदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो कार नंबर GJ 01 ZA 4412 बरामद कर ली है।