अंतरराष्ट्रीय देखभाल और सहयोग दिवस पर एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने गुरुवार को विशेष जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। पोस्टर एसएमएस मेडिकल कॉलेज के जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. लक्ष्मीकांत गोयल के मार्गदर्शन में तैयार किया। पोस्टर का उद्देश्य देखभाल एवं सहयोग के महत्व, देखभाल करने वाले व्यक्तियों के योगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। डॉ. लक्ष्मीकांत गोयल ने बताया- इस वर्ष का अभियान “Voices Of Care” देखभाल प्राप्त करने वाले व्यक्तियों और देखभालकर्ताओं की आवाज को महत्व देने पर केंद्रित है। देखभाल केवल बीमार व्यक्ति की सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें दैनिक जीवन के आवश्यक कार्यों में सहयोग, भावनात्मक समर्थन और परिवार, समुदाय के प्रति जिम्मेदारियां भी शामिल हैं। इस अवसर पर गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ देखभाल सेवाओं को बढ़ावा देने, देखभालकर्ताओं के योगदान को उचित सम्मान देने और देखभाल की जिम्मेदारियों को परिवारों, समुदायों और संस्थानों के बीच समान रूप से साझा करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त प्राचार्य, एसएमएस मेडिकल कॉलेज डॉ. राकेश कुमार जैन, एसएमएस हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी, राजस्थान मेडिकल काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. जगदीश मोदी और रजिस्ट्रार डॉ. गिरधर गोयल मौजूद रहे।