सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार से सब जूनियर और जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि खेलों से जुड़े रहना जरूरी है। यह खुशी की बात है कि जयपुर में राष्ट्रीय स्तर की स्क्वैश चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। उन्होंने घोषणा की कि सवाई मानसिंह स्टेडियम में स्क्वैश के लिए ग्लास कोर्ट बनाया जाएगा। इससे जयपुर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी। देशभर के 900 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा 23 से 29 अक्टूबर तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में देशभर से करीब 900 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में बॉयज और गर्ल्स के मुकाबले खेले जाएंगे। जयपुर को आठ साल बाद एक बार फिर इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। खिलाड़ियों की अधिक संख्या को देखते हुए मुकाबले एसएमएस स्टेडियम के साथ जयपुर क्लब और मानसरोवर स्थित मॉडर्न स्कूल में भी आयोजित किए जा रहे हैं। 26 अक्टूबर से मुख्य ड्रॉ के मुकाबले प्रतियोगिता की आयोजन सचिव और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुरभि मिश्रा ने बताया कि 23 से 25 अक्टूबर तक क्वालीफाइंग राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 26 अक्टूबर से मुख्य ड्रॉ शुरू होगा। मुख्य ड्रॉ में 16 खिलाड़ी शामिल होंगे, जिनमें आठ खिलाड़ी क्वालीफाइंग राउंड से जगह बनाएंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ी भी शामिल चैंपियनशिप में कई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता यूशा नफीस और पूरव रांबिया प्रमुख हैं। इनके अलावा अनिका दुबे, शिवेन अग्रवाल, लोकेश सुब्रमणि, दिव्यांशी जैन, शनाया परसरामपुरिया, अभ्युदय अरोड़ा और अमार्य बजाज भी अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। इन खिलाड़ियों ने एशियन चैंपियनशिप में अपने-अपने आयु वर्ग में पदक जीते हैं। ग्लास कोर्ट से जयपुर में स्क्वैश को मिलेगा बढ़ावा खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि एसएमएस स्टेडियम में ग्लास कोर्ट बनने से जयपुर में स्क्वैश को बढ़ावा मिलेगा। इससे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के नए अवसर मिलेंगे और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाओं के साथ अभ्यास करने का मौका मिलेगा। ग्लास कोर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्क्वैश मुकाबलों के आयोजन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। जयपुर में ऐसी सुविधा विकसित होने से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने में मदद मिलेगी। राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी और प्रस्तावित ग्लास कोर्ट को जयपुर को देश के प्रमुख स्क्वैश केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।