जयपुर में एक युवक के सुसाइड करने का मामला सामने आया है। युवक कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक पर पत्नी ने पुलिस केस कर रखा था। इसके चलते वह परेशान चल रहा था। जामडोली थाना पुलिस ने SMS हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शनिवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के पास सुसाइड नोट मिलने की बात से इनकार किया है। SHO (जामडोली) रतन सिंह ने बताया- जामडोली के रहने वाले लेखराज मीणा (25) ने सुसाइड किया है। लेखराज प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे लेखराज पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में गया था। कमरे में रस्सी का फंदा लगाकर लेखराज ने सुसाइड कर लिया। करीब आधे घंटे बाद परिजन उसे बुलाने पहुंचे। कमरे में लेखराज फंदे से लटका मिला। सुसाइड की सूचना पर जामडोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद फंदे से शव को नीचे उतारा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पत्नी के केस से था परेशान पुलिस को मृतक के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि लेखराज की शादी साल-2022 में हुई थी। लेखराज को छोड़कर उसकी पत्नी अपने घर चली गई थी। घर छोड़कर गई पत्नी ने करीब एक साल पहले ससुरालवालों के खिलाफ महिला थाना (ईस्ट) में केस दर्ज करवा दिया था। पत्नी के केस करने को लेकर लेखराज परेशान चल रहा था। पुलिस की ओर से मर्ग दर्ज कर सुसाइड के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।