दोनों 2028 पैरालिंपिक के लिए क्वालिफाई जापान में पैरा एशियन गेम्स का पहला दिन जयपुर की निशानेबाजों के नाम रहा। 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा में जयपुर की मोना अग्रवाल ने गोल्ड पर निशाना साधा जबकि अवनी को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। मोना ने 250.0 का स्कोर करते हुए एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने क्वालिफाइंग में भी रिकॉर्ड बनाया। खास बात यह है कि मोना ने अवनी के ही 23 अक्टूबर 2023 में होंग्जू, चीन में एशियन पैरा गेम्स के 249.6 अंक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। जयपुर की दोनों पैरा शूटर ने 2028 लॉस एंजिलिस पैरालिंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है। सिटिंग वॉलीबॉल और एथलेटिक में भी भाग्य आजमा चुकी हैं मोना मोना सिटिंग वॉलीबॉल की फाउंडर मेंबर थीं। इस इवेंट में वे नेशनल चैम्पियन रह चुकी हैं। अवनी ने पैरालिंपिक में पहली बार गोल्ड मेडल जीता था उसके बाद ही मोना ने शूटिंग में भाग्य आजमाया। जापान से मोना ने फोन पर बताया, ‘जून 2021 में एयरपोर्ट से पति स्कूटर पर आ रहे थे तभी उनका एक्सीडेंट हुआ। सिर में चोट आई। उसके बाद मैंने एकलव्य शूटिंग एकेडमी में योगेश शेखावत से शूटिंग सीखना शुरू किया। इस दौरान मैंने बच्चों (7 साल की बेटी और 5 साल का बेटा) की देखभाल के साथ-साथ प्रैक्टिस भी की।