जैसलमेर शहर की गांधी कॉलोनी स्थित एक घर में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब बाथरूम की नाली में 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा घुस आया। गनीमत रही कि समय रहते परिजनों की नजर सांप पर पड़ गई। सूचना मिलने पर स्नैक कैचर प्रेम चौधरी मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया। इसके बाद परिवार और मोहल्ले के लोगों ने राहत महसूस की। बाथरूम की नाली में दिखा जहरीला कोबरा जानकारी के अनुसार गांधी कॉलोनी स्थित एक मकान के बाथरूम की नाली में अचानक 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा दिखाई दिया। परिजनों ने सांप को देखते ही सतर्कता बरती और तुरंत स्नैक कैचर को सूचना दी। सूचना मिलने पर स्नैक कैचर प्रेम चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद कोबरा को आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। नालियों और पाइपों के रास्ते घरों में पहुंचते हैं सांप स्नैक कैचर प्रेम ने बताया कि अक्सर अत्यधिक गर्मी या पानी की तलाश में सांप और अन्य रेंगने वाले जीव नालियों में घुस जाते हैं। ड्रेनेज पाइपों के रास्ते ये सीधे घरों के टॉयलेट, बाथरूम और किचन सिंक तक पहुंच जाते हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की शुरुआत और अत्यधिक उमस के दिनों में ऐसे मामलों की संख्या बढ़ जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि सांप दिखाई देने पर बिना प्रशिक्षण उसे पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए और तुरंत एक्सपर्ट्स से संपर्क करना चाहिए। सांप दिखने पर घबराएं नहीं वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि घर में सांप दिखने पर घबराएं नहीं और न ही शोर मचाएं। अचानक हलचल और तेज आवाज से सांप खुद को असुरक्षित महसूस कर आक्रामक हो सकता है। लोगों को सांप से कम से कम 5 से 6 फीट की दूरी बनाए रखनी चाहिए और उस पर नजर रखनी चाहिए कि वह किस दिशा में जा रहा है। खुद पकड़ने की कोशिश न करें विशेषज्ञों ने कहा कि बिना प्रशिक्षण और सही उपकरणों के सांप को पकड़ने या मारने का प्रयास बिल्कुल नहीं करना चाहिए। कोबरा जैसे जहरीले सांप का दंश जानलेवा हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत स्थानीय वन्यजीव रेस्क्यू टीम, वन विभाग या प्रशिक्षित स्नैक कैचर से संपर्क करना चाहिए। घरों की जालियां रखें बंद वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि बाथरूम और किचन की जालियों को हमेशा बंद या फिक्स रखें, ताकि ड्रेनेज पाइप के रास्ते कोई भी जहरीला जीव घर के अंदर प्रवेश नहीं कर सके। सतर्कता और सावधानी ही ऐसे मामलों में सबसे बड़ा बचाव है।