जैसलमेर में सोमवार को ठंडी हवाएं चलने से दिन और रात के तापमान में करीब 2-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री और न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक मौसम साफ रहने और शुष्क हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। इससे तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी और गर्मी के तेवर और कड़े हो जाएंगे। पारा गिरा, लेकिन उमस और धूप बनी परेशानी तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद धरातल पर उमस और चिलचिलाती धूप का असर बरकरार रहा। दोपहर के समय मुख्य बाजारों और सड़कों पर आवाजाही बेहद कम रही। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक सीमावर्ती क्षेत्र में आसमान साफ रहेगा और शुष्क हवाएं चलेंगी, जिससे एक बार फिर तापमान बढ़ने की संभावना है। प्री-मानसून की बेरुखी से किसान चिंतित प्रदेश के अधिकांश जिलों में जहां प्री-मानसून सक्रिय होकर अच्छी बारिश हो रही है, वहीं जैसलमेर अब भी बारिश का इंतजार कर रहा है। सामान्य तौर पर जून के अंतिम सप्ताह तक यहां प्री-मानसून की बारिश शुरू हो जाती है और किसान खरीफ फसलों की बुवाई शुरू कर देते हैं। इस बार बारिश नहीं होने से किसानों और आमजन की चिंता बढ़ गई है। आने वाले दिनों में और बढ़ेगी तपिश मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। बादलों की आवाजाही बेहद कम रहेगी और तेज धूप के साथ शुष्क हवाएं चलेंगी। ऐसे में तापमान में फिर बढ़ोतरी होने के आसार हैं और गर्मी का असर और अधिक महसूस होगा। पशुपालकों और ग्रामीणों को सावधानी की सलाह मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शुष्क मौसम के कारण उमस और गर्मी दोनों बढ़ेंगी। इसे देखते हुए ग्रामीणों और विशेष रूप से पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वे खुद और अपने मवेशियों को तेज धूप और गर्मी से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।