जैसलमेर में मानसून कमजोर पड़ने के बाद मौसम ने फिर करवट ले ली है। शहर में गर्मी और उमस के तेवर तेज हो गए हैं। हाल ही में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार साफ मौसम और बारिश की संभावना नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। तेज धूप से जनजीवन प्रभावित सुबह से ही तेज धूप निकल रही है। दिन चढ़ने के साथ गर्मी और उमस बढ़ जाती है। दोपहर में बाजारों और मुख्य रास्तों पर आवाजाही कम हो जाती है। घरों और दफ्तरों में पंखे-कूलर भी गर्मी से राहत नहीं दे पा रहे हैं। लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोगों को भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश नहीं हुई तो फसलें सूखने का खतरा लंबे समय से बारिश नहीं होने का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण इलाकों में खरीफ की फसलों पर पड़ रहा है। किसानों ने अच्छी बारिश की उम्मीद में ग्वार, मूंग, मोठ और बाजरे की बुवाई की थी। समय पर पानी नहीं मिलने और तेज धूप के कारण फसलें खेतों में ही मुरझाने और सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। किसानों का कहना है कि जल्द बारिश नहीं हुई तो महीनों की मेहनत और फसल में लगी लागत बर्बाद हो जाएगी। फिलहाल मौसम विभाग ने भी आगामी कुछ दिनों में बारिश की कोई राहत नहीं बताई है।