जैसलमेर जिले के रामगढ़ क्षेत्र में सोनू गांव से करीब दो किलोमीटर दूर शुक्रवार देर शाम एक खेत में रॉकेट जैसी दिखने वाली बमनुमा वस्तु मिली है। वस्तु खेत मालिक कंवराज सिंह के खेत में मिली। उन्होंने इसकी सूचना रामगढ़ पुलिस को दी। इसके बाद एएसआई प्रेमशंकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एएसआई प्रेमशंकर के अनुसार, वस्तु करीब डेढ़ फीट लंबी है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर उसके चारों ओर रस्सी लगाकर घेराबंदी की और लोगों को दूर रहने को कहा है। निगरानी के लिए पुलिस जवान तैनात किया गया। इसी के साथ संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे है। खेत में जुताई के दौरान जमीन से बाहर आई वस्तु जानकारी के अनुसार, खेत में जुताई के दौरान बमनुमा वस्तु जमीन से बाहर आई। खेत मालिक की नजर इस पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आसपास मौजूद लोगों को उससे दूर किया, ताकि कोई अनजाने में भी उसके संपर्क में न आए। सेना को दी सूचना, जांच के बाद होगी पुष्टि पुलिस ने इस मामले में सेना को सूचना दी है। एएसआई प्रेमशंकर का कहना है कि सेना के किसी अभ्यास के दौरान यह वस्तु यहां छूट गई होगी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल वस्तु की वास्तविक प्रकृति, पहचान और उसके खेत तक पहुंचने के कारणों का पता नहीं चला है। विशेषज्ञों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।