पाकिस्तान को लेकर दिए गए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर कांग्रेसियों ने जालोर में प्रदर्शन किया। रविवार दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के सामने एकत्रित हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और पार्टी से इस्तीफा लेने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेशाध्यक्ष के बयान से देश के वीर जवानों के शौर्य पर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस ने बयान की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान की ओर से पुलवामा, पहलगाम सहित कई हमले किए गए, जिनका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। ऐसे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का कथित पाकिस्तान-प्रेम संबंधी बयान उचित नहीं है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नेनसिंह ने बयान की निंदा करते हुए प्रदेशाध्यक्ष से इस्तीफा लेने की मांग की। वहीं, नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष को अपने विवेक से काम लेना चाहिए। उन्होंने इस तरह के बयान को अनुचित बताते हुए कहा कि इससे देशहित प्रभावित हो सकता है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के बयान में पाकिस्तान-प्रेम झलकता है। उन्होंने मदन राठौड़ से इस्तीफा लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति सैयद मुमताज अली, योगेंद्र सिंह कुम्पावत, नेनराम, अयूब खान, सुरेश मेघवाल, विनोद, महेंद्र सोनगर और बसंत सुथार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।