जालोर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार शाम राजीव गांधी भवन में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत बैठक हुई। इसमें 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली में अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। बैठक में एआईसीसी पर्यवेक्षक और गुजरात विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष परेश धनाणी, पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर और जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल सहित पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के बाद अभियान को लेकर प्रेस वार्ता भी की गई। दिल्ली रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर जोर बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक एवं गुजरात विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष परेश धनाणी के मुख्य आतिथ्य, पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर के विशिष्ट आतिथ्य और जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान अभियान की गतिविधियों, संगठनात्मक तैयारियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। साथ ही अभियान के उद्देश्यों को आमजन तक पहुंचाने और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। ‘वोट चोरी लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय’ एआईसीसी पर्यवेक्षक परेश धनाणी ने कहा कि वोट चोरी के मुद्दे पर सभी कांग्रेसजनों को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है और चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। धनाणी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तथ्यों और साक्ष्यों के साथ वोट चोरी का मुद्दा उठाकर चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर सवाल खड़े किए हैं। मतदाता सूचियों से नाम हटाने और अपनी पसंद के नाम जुड़वाने के आरोप लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। प्रेस वार्ता में धनाणी ने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले लोग ही आज संविधान को कुचलने का प्रयास कर रहे हैं। प्रत्येक नागरिक के वोट का समान महत्व है, चाहे वह गरीब हो या अमीर। उन्होंने कहा कि मताधिकार जनता की ताकत है और इसके अधिकारों को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। मेघवाल बोले- संविधान की रक्षा करना कांग्रेस की जिम्मेदारी जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव के कारण लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने चुनौतियां पैदा हो रही हैं। ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सदैव तैयार हैं। उन्होंने राहुल गांधी की ओर से उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने और दिल्ली रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद बैठक और प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष नैन सिंह राजपुरोहित, सवाराम पटेल, नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली, जुल्फिकार अली, जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुंपावत, रमेश सोलंकी और सुष्मिता गर्ग सहित कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।