जालोर शहर के शाह पूंजाजी गेणाजी स्टेडियम परिसर में मंगलवार को रावण दहन देखने के लिए शाम 5 बजे से ही शहरवासी स्टेडियम पहुंचने लगे। चामुंडा माता मंदिर में शस्त्र पूजन के बाद शोभायात्रा रवाना हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वानर सेना के साथ स्टेडियम पहुंची। भगवान श्रीराम के स्वरूप और चामुंडा माता मंदिर के महंत पवनपुरी महाराज की मौजूदगी में रावण दहन की तैयारी की गई। जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे के पहुंचने के बाद रिमोट से रावण दहन किया गया। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले करीब 1 मिनट 40 सेकेंड में जलकर राख हो गए। इसके बाद करीब 30 मिनट तक आतिशबाजी हुई। कलेक्टर के नहीं पहुंचने पर महंत हुए नाराज दशहरा कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे के समय पर नहीं पहुंचने से महंत पवनपुरी महाराज नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर पहुंचे एडीएम और एसडीएम मनोज कुमार से कलेक्टर को बुलाने के लिए कहा। महंत ने कहा कि भगवान श्रीराम का मुंह मीठा कलेक्टर के हाथों ही कराया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में रावण दहन किया गया। महिला की सोने की चेन चोरी का प्रयास, आरोपी महिला पकड़ी कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के बैठने वाली जगह पर मौजूद जालोर निवासी भंवरी देवी की सोने की चेन चोरी करने का प्रयास किया गया। भंवरी देवी को शक होने पर उन्होंने कथित रूप से चोरी का प्रयास कर रही महिला को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस महिला को थाने ले गई। सभापति, उपसभापति सहित कई प्रशासनिक अफसर रहे मौजूद कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति सैयद मुमताज अली, कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे, पार्षद मुकेश सांखला, हुक्मीचंद सोलंकी, बसंत सुथार, दिनेश महावर, सुरेश मेघवाल, भंवर मेघवाल, शोभा सुंदेशा, नरेश राणा, बसंती देवी, भाजपा नगर अध्यक्ष रवि सोलंकी, सुरेश सोलंकी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और शहरवासी मौजूद रहे। अब देखिए तस्वीरें