जालोर के आहोर रोड स्थित शाह पूंजाजी गेनाजी स्टेडियम में मंगलवार को दशहरा पर्व मनाया जाएगा। नगर परिषद की ओर से उत्सव की तैयारियां की जा रही हैं। स्टेडियम में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले पहुंच चुके हैं। इस बार रावण का पुतला पिछले वर्षों की तुलना में करीब 10 फीट ऊंचा होगा। उत्सव पर करीब 5.71 लाख रुपए खर्च होंगे, जिसमें ढाई लाख रुपए आतिशबाजी के लिए रखे गए हैं। रिमोट से होगा रावण दहन नगर परिषद की ओर से दशहरा उत्सव के लिए स्टेडियम में व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पुतले पहुंचने के बाद उन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार रावण का पुतला पिछले वर्षों की तुलना में करीब 10 फीट ऊंचा होगा, जबकि कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले 35-35 फीट के बनाए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार शाम 5:30 बजे रावण दहन किया जाएगा। इस बार रावण के पुतले का दहन रिमोट के जरिए होगा। आतिशबाजी के साथ रावण दहन कार्यक्रम को आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। उत्सव पर खर्च होंगे 5.71 लाख रुपए नगर परिषद की ओर से आयोजित दशहरा उत्सव पर करीब 5.71 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें करीब ढाई लाख रुपए आतिशबाजी पर खर्च होंगे। आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है। दशहरा पर्व पर स्टेडियम में शहरवासियों के पहुंचने की संभावना है। ये अतिथि रहेंगे मौजूद कार्यक्रम में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली, उप सभापति मुमताज अली और शिवपाल सिंह समेत जालोर कलेक्टर डॉ. प्रदीप के गवांडे और जालोर एसपी शैलेन्द्र सिंह इंदौलिया अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।