पुराने दोस्तों से मुलाकात, कॉलेज के दिनों की यादें और दिवाली की खुशियां, इन रंगों के साथ जेईसीआरसी में दिवाली एलुमनाई गेट-टुगेदर का आयोजन हुआ। इसमें वर्ष 2004 से 2025 तक के विभिन्न बैच के पूर्व विद्यार्थी देश के अलग-अलग हिस्सों से शामिल हुए। माइक्रोसॉफ्ट और गूगल जैसी वैश्विक कंपनियों में कार्यरत प्रोफेशनल्स के साथ उद्यमियों और स्टार्टअप संस्थापकों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बनाया। कार्यक्रम में पूर्व विद्यार्थियों ने कॉलेज के दिनों के अनुभव साझा किए और संस्थान से अपने जुड़ाव को फिर से महसूस किया। अलग-अलग बैच के दोस्तों का मिलना, पुरानी यादें ताजा करना और एक-दूसरे की उपलब्धियों से रूबरू होना आयोजन का खास आकर्षण रहा। गेट-टुगेदर में खेल और मनोरंजन की गतिविधियां भी हुईं। क्रिकेट, पिकलबॉल, म्यूजिकल चेयर्स और डंब शराड्स के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला। कहीं मैदान पर पुरानी टीम भावना नजर आई, तो कहीं दोस्तों के बीच हंसी-मजाक और दिलचस्प मुकाबले हुए। सम्मान समारोह में विजेता टीमों और शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और दिवाली के उत्सव ने माहौल को उमंग से भर दिया। आयोजन में जेयू, यूडीएमएल और एमजीआईएएस से जुड़े पूर्व विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। विभिन्न बैच और कैंपस के एलुमनाई का एक साथ आना इस बात का प्रतीक रहा कि संस्थान से जुड़ा रिश्ता पढ़ाई पूरी होने के बाद भी कायम रहता है। जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरपर्सन अर्पित अग्रवाल ने कहा कि संस्थान का अपने विद्यार्थियों के साथ रिश्ता केवल कैंपस तक सीमित नहीं, बल्कि जीवनभर का जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों की वैश्विक कंपनियों और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्धियां संस्थान के लिए गर्व की बात हैं। ऐसे आयोजन पुराने रिश्तों को फिर से जोड़ने के साथ आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने का अवसर देते हैं।